कमरे में अजीब-सी खामोशी फैली हुई थी। बाहर आँगन में किसी के बोलने की हल्की आवाज़ें आ रही थीं, लेकिन उस छोटे से कमरे के भीतर जैसे हर शब्द भारी हो चुका था।
“मुझे शादी नहीं करनी।”
मोहिनी ने अचानक कहा। उसकी आवाज़ में गुस्सा कम और थकान ज़्यादा थी।
“मुझे पढ़ना है… कुछ बनना है… अपने परिवार की हालत सुधारनी है।”
शिवम हल्का-सा हँसा।
“कौन-सा परिवार?” उसने पूछा।
“वही, जो तुम्हें बोझ समझता है? वही, जो मौका मिलते ही तुम्हें घर से निकाल देगा?”
मोहिनी एक पल के लिए चुप हो गई। उसे गुस्सा आया, मगर वह कुछ बोल नहीं पाई। क्योंकि कहीं-न-कहीं शिवम की बात गलत भी नहीं थी।
उसे अपने ही घर में कई बार पराया होने का एहसास होता था।
फिर भी… यह घर उसका था।
यहाँ कम-से-कम कुछ चेहरे ऐसे थे जिन्हें वह पहचानती थी। वरना किसी अनजान परिवार में भेज दिए जाने का ख्याल ही उसे भीतर तक डरा देता था।
“दिक्कत क्या है आखिर?”
शिवम फिर बोला।
“शादी के बाद सब ठीक हो जाएगा। अपना घर होगा, पैसे होंगे, सुविधाएँ होंगी… शायद अपना फोन भी। नौकरी नहीं भी करोगी, तो आराम से रहोगी।”
मोहिनी ने धीरे से अपनी इतिहास की किताब उठाई और उसके पन्ने पलटने लगी। जैसे उन पुराने पन्नों में वह अपने भविष्य का कोई जवाब ढूँढ़ रही हो।
कुछ देर बाद उसने धीमे स्वर में कहा—
“अगर तुम लड़की होते… तो यह डर समझ पाते।”
इतना कहकर वह चुप हो गई।
उसकी आँखें अब किताब पर नहीं, अपने छोटे भाई-बहनों पर टिकी थीं।
उसने कुछ नहीं कहा, लेकिन उसकी खामोशी बहुत कुछ कह रही थी।
शायद उसके मन में सिर्फ एक ही शब्द बार-बार आ रहा था—
“काश…”
काश वह लड़की ना होती।
काश उसे भी अपनी ज़िंदगी अपनी शर्तों पर जीने का अधिकार मिलता।
काश वह भी बिना किसी डर के दुनिया को करीब से देख पाती।
लेकिन अब…
कुछ ही महीनों में उसका विवाह हो जाएगा, और वह एक ऐसे जीवन में धकेल दी जाएगी जिसे सब “संसार” कहते हैं, पर जो उसे किसी धीमे नरक से कम नहीं लगता था।
इतनी देर में फोन की घंटी बजी।
मोहिनी ने मोबाइल की स्क्रीन की ओर देखा और धीमे स्वर में कहा,
“बाबा का कॉल है।”
“बाबा का कॉल…”
ये चार शब्द सुनते ही शिवम के चेहरे की खुशी ऐसे बिखर गई, जैसे मोतियों की माला अचानक टूटकर ज़मीन पर गिर पड़े। उसकी आँखों में थकान और निराशा साफ दिखाई दे रही थी।
उसने अनमने मन से अपनी किताबें बंद कीं और उन्हें बैग में रखने लगा।
कुछ देर तक फोन बजता रहा, फिर अपने आप शांत हो गया।
शाम के पाँच बजकर दस मिनट पर आया वह कॉल शिवम अक्सर उठाना नहीं चाहता था। क्योंकि वह जानता था कि उसके बाबा हालचाल पूछने के लिए फोन नहीं करते। फोन के पीछे हमेशा कोई काम, कोई जिम्मेदारी, या कोई आदेश छुपा होता था।
बैग बंद करते हुए उसने मेरी तरफ देखा और हल्की-सी फीकी मुस्कान के साथ बोला,
“आपका तो सही है यार… बस एक कमरे में बैठकर पढ़ते रहो, और शाम को दो घंटे कोचिंग दे दो ।”
वह कुछ पल रुका, फिर धीमे से बोला—
“काश… मेरी ज़िंदगी भी इतनी आसान होती।”
उसकी आवाज़ में शिकायत कम और थकान ज़्यादा थी।
उसके जाते ही मैं कुछ देर तक उसी के बारे में सोचता रहा।
वह बेचारा भी कितना बेबस था। सुबह उठते ही स्कूल, फिर लौटते ही सबके साथ ट्यूशन। घर के कामों का अलग बोझ। उम्र छोटी थी, मगर जिम्मेदारियाँ किसी बड़े आदमी जैसी।
मुझे उसके लिए सच में बुरा लगता था।
उसकी आँखों में हमेशा एक अजीब-सी घुटन दिखाई देती थी, जैसे वह धीरे-धीरे अपने ही सपनों से दूर होता जा रहा हो।
और शायद…
मैं भी कहीं उन्हीं खयालों में खो चुका था।
उसका मेरी तरफ देखना अजीब-सी ईर्ष्या से भरा हुआ था।
शायद वह सोच रहा था—
“काश… उसका जीवन मेरे जैसा होता, तो कितना बेहतर होता।”
लेकिन उसे कहाँ पता था कि किसी शांत कमरे में बैठे रहने वाला हर इंसान सुकून में नहीं होता। बाहर से शांत दिखने वाली ज़िंदगियाँ भी भीतर से टूटी हुई हो सकती हैं।
लोगों को शायद यही लगता था कि मैं बस शाम को दो घंटे कोचिंग जाता हूँ और बाकी समय आराम से अपने कमरे में पढ़ता रहता हूँ।
पर सच तो यह था कि मेरी ज़िंदगी उस दिन से वीरान हो गई थी, जिस दिन मेरा स्कूल खत्म हुआ।
इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं था कि मुझे स्कूल बहुत पसंद था।
लेकिन वहाँ कम-से-कम मैं घर की चारदीवारी से बाहर तो निकल पाता था। दोस्तों से मिल लेता था। हर दिन कोई नया चेहरा, नई बात, नया मज़ाक मिल जाता था।
स्कूल खत्म होते ही जैसे सब अपनी-अपनी दुनियाओं में चले गए।
कोई छुट्टियाँ मनाने बाहर चला गया, कोई रिश्तेदारों के यहाँ, कोई पहाड़ों में, तो कोई शायद कश्मीर।
और शायद…
कोई-कोई ही होगा जो मेरी तरह एक कमरे में बंद बैठा पढ़ रहा होगा।
मेरे जानने वाले अक्सर कहते थे,
“कम-से-कम इतवार वाले दिन तो बाहर निकल जाया करो। किसी से मिला करो।”
पर सच कहूँ तो…
इन चार दीवारों और छत से लटकती उस फीकी लाइट से भी ज़्यादा घबराहट मुझे खुले आसमान के नीचे होती थी।
कभी-कभी मैं सोचता था—
काश मेरे भी बहुत सारे दोस्त होते।
मैं उनसे बातें करता, उनसे मिलता… ताकि इस अकेलेपन को थोड़ी देर के लिए ही सही, आँखें दिखा पाता।
लेकिन शायद मैं ही दोस्त बनाने के लायक नहीं था।
और अगर कोई दोस्त बन भी जाता, तो शायद मैं उसे संभालकर रखने के लायक नहीं था।
कम शब्दों में कहूँ तो…
मुझे अक्सर खुद अपनी ज़िंदगी के लायक होने पर शक होता था।
हाँ, कई बार मैं खुद को तसल्ली देते हुए कह देता था,
“मुझे किसी इंसान की ज़रूरत नहीं है।”
और यह कहते हुए मैं मुस्कुरा भी लेता था।
पर आँसू… मुस्कुराहट के पूरी तरह खत्म होने का इंतज़ार नहीं करते।
उस शाम भी कुछ ऐसा ही हुआ।
दिल इतना भारी हो चुका था कि अचानक मेरे मुँह से बस एक ही बात निकली—
“काश… मैं इस दर्द से बहुत दूर कहीं होता।
ऐसी जगह, जहाँ लोग मुझे सच में जानते… सिर्फ पहचानते नहीं।”
थोड़ा समय बीता।
ट्यूशन वाले बच्चे भी धीरे-धीरे चले गए और कमरा फिर से शांत हो गया।
मैंने यूँ ही फोन उठाया, तो एक चाहने वाले का संदेश आया। उसका हॉस्टल वृंदावन से लगभग बीस मिनट की दूरी पर था। खुशकिस्मती से उसके कई दोस्त उसी हॉस्टल में रहते थे, और कॉलेज में भी उसने अच्छे-खासे दोस्त बना लिए थे।
वह अक्सर मुझे अपनी दिनचर्या बताया करता था—
“तीन बजे कॉलेज खत्म होता है, फिर दोस्तों के साथ इधर-उधर घूमते हैं, छह बजे तक वापस हॉस्टल पहुँचते हैं। रात में सब साथ बैठते हैं, बातें करते हैं… और हफ्ते में एक-दो बार वृंदावन भी घूम आते हैं।”
मेरे लिए तो वही सबसे खुशकिस्मत इंसान था।
कॉलेज, दोस्त, घूमना-फिरना, नए लोगों से मिलना…
मुझे लगता था कि शायद ऐसी ही ज़िंदगी को लोग जीना कहते हैं।
और शायद…
उसी की खुशकिस्मती देखकर मेरे भीतर “काश” जन्म लेता था।
मैंने उससे बातें करनी शुरू कीं, लेकिन उस दिन उसकी आवाज़ सामान्य नहीं थी।
वह बहुत दुखी लग रहा था।
उसने धीमे स्वर में कहा,
“मेरे पास कोई नहीं है।”
यह सुनकर मैं कुछ पल के लिए चुप रह गया।
उसके आसपास इतने लोग थे… दोस्त थे… भीड़ थी… फिर भी वह खुद को अकेला महसूस कर रहा था।
वह लगातार अपने दिल की बातें करता रहा।
उसके हिसाब से प्रेम का होना ही इंसान की ज़िंदगी को पूरा करता है।
उसे लगता था कि अगर कोई सच्चा प्यार करने वाला मिल जाए, तो शायद जीवन का हर खालीपन भर जाएगा।
मैंने उसे समझाने की कोशिश की।
उसका मन शांत करने की कोशिश की।
हर बात को धीरे-धीरे खत्म करने की कोशिश की।
आख़िर में उसने बस इतना कहा—
“काश… मुझे भी जल्द प्यार मिल जाए।”
और फिर उसने फोन काट दिया।
फोन बंद होने के बाद मैं काफी देर तक सोचता रहा।
मेरे हिसाब से तो वह पहले से ही सबसे खुशकिस्मत इंसान था।
फिर भी वह दुखी था।
और मैं…
मैं भी “काश” शब्द से पूरी तरह बाहर नहीं निकल पा रहा था।
मैं सोचने लगा—
क्या ये सारी चीज़ें सिर्फ दिखावे के लिए हैं?
क्या सच में प्यार मिल जाने से इंसान खुश हो जाता है?
क्योंकि मेरी चेतना में एक और इंसान था…
मेरा चचेरा भाई।
वह अपने प्रेम संबंध में था, और देखने में बहुत खुश लगता था।
तब मुझे लगा—
शायद प्यार मिल जाना ही जीवन का उत्तर है।
शायद इंसान की सारी अधूरी इच्छाएँ वहीं जाकर खत्म होती हैं।
इसी निष्कर्ष के साथ उस रात मैं सोने चला गया।
अगली सुबह कुछ देर तक सब शांत रहा।
मेरे आस पास कोई नहीं था, ना जाने मेरे घर पर रहने वाले लोग आखिर कहाँ थे ।
पर वह शांति ज़्यादा देर टिक नहीं पाई।
दोपहर के लगभग ग्यारह बजे अचानक घर का माहौल बदल गया। ऐसा लग रहा था जैसे पूरा घर घबराहट में साँस ले रहा हो। लोग इधर-उधर भाग रहे थे, कोई किसी को फोन कर रहा था, कोई किसी से पूछताछ।
मैंने अपने एक जानने वाले को कॉल करके पूछा कि आखिर हुआ क्या है।
कुछ पल चुप रहने के बाद उसने जो बताया, उसे सुनकर मैं भी स्तब्ध रह गया।
उसने कहा,
“तेरे चचेरे भाई की प्रेमिका की शादी उसके घरवालों ने कहीं और तय कर दी है… शायद इसी वजह से वह घर छोड़कर चला गया है।”
यह सुनते ही मेरे भीतर अजीब-सी घबराहट दौड़ गई।
पता चला कि मेरे भाई के किसी दोस्त ने घर पर फोन करके यह बात बताई थी, और तब से पूरा परिवार उसे ढूँढ़ने में लगा हुआ था। हर चेहरे पर चिंता थी, लेकिन कोई खुलकर कुछ कह नहीं रहा था।
लगभग दोपहर के दो बजे के आसपास घर के बाहर गाड़ियों की आवाज़ें सुनाई दीं।
सभी लोग लौट आए थे… और उनके साथ मेरा भाई भी था।
मैंने राहत की सांस ली पर शायद मेरे घरवालों को शांति पसंद नहीं आयी उन्होंने घर पहुँचते ही चीखना चिल्लाना शुरू कर दिया।
शाम के चार बजे तक घर फिर से शांत हो चुका था।
मैं उसके पास गया।
सोचा शायद उससे बात करने से उसका मन थोड़ा हल्का हो जाए।
लेकिन वह चुप बैठा रहा।
इतना शांत कि उसकी चुप्पी डराने लगी थी।
बाकी लोग शायद अब भी यही मान रहे थे कि सब ठीक हो चुका है।
पर उसकी आँखें बता रही थीं कि भीतर बहुत कुछ टूट चुका है।
मैं पानी लाने के बहाने उठने लगा, तभी उसने धीरे से मेरा हाथ पकड़कर रोक लिया।
कुछ पल वह मेरी तरफ देखता रहा।
फिर पिछले दिन की हमारी बात याद करके मैंने उससे कहा—“शांत रहोगे तो बात कैसे होगी?”
उसने हल्की-सी हँसी हँसी।
वह हँसी खुशी की नहीं थी… हार की थी।
फिर उसने धीमे स्वर में कहा—
“कोई बात ही नहीं है करने को, बस एक इच्छा मन में बार बार घूम रही है की काश मई उससे शादी कर पता।” यह कहकर उसने सिसकना शुरू कर दिया और थोड़ी देर बाद मै अपने कमरे में लौट आया।
आख़िरकार, मैं फिर से सबको एक ही रेखा पर लाकर देख रहा था।
मोहिनी शादी नहीं करना चाहती थी।
वह शिवम की तरह लड़का बनकर खुलकर जीना चाहती थी।
शिवम को घर के कामों और जिम्मेदारियों से नफ़रत थी।
वह मेरी तरह बस एक कमरे में बैठकर पढ़ना चाहता था।
मैं अपने दोस्त की तरह घूमना-फिरना चाहता था।
नए लोगों से मिलना, नए दोस्त बनाना चाहता था।
मेरा दोस्त एक प्रेमिका चाहता था…
और इधर मेरा चचेरा भाई अपनी बिछड़ चुकी प्रेमिका से विवाह करने की इच्छा रखता था।
जब मैंने इन सारी बातों को एक साथ जोड़कर देखा, तो अजीब-सा एहसास हुआ।
ये सारी कहानियाँ अलग होते हुए भी कहीं-न-कहीं एक ही जगह आकर खत्म हो रही थीं।
शादी…
इच्छाएँ…
अधूरापन…
और “काश…”
ऐसा लग रहा था जैसे कोई मुझे बार-बार समझाने की कोशिश कर रहा हो कि दुख सिर्फ मुझे ही नहीं मिला।
इन ग़मों की परछाई हर इंसान पर पड़ी हुई है।
फर्क सिर्फ इतना है कि दूसरा इंसान हमेशा मुस्कुराता हुआ दिखाई देता है।
सुखी दिखाई देता है।
पूरा दिखाई देता है।
पर शायद…
वह भी भीतर से किसी “काश” के साथ जी रहा होता है।
तब मेरे मन में एक सवाल उठा—
क्या इस दुख का कहीं कोई अंत है?
क्या सच में कोई इंसान पूरी तरह खुश होता है?
या फिर…
हर व्यक्ति बस अपनी-अपनी अधूरी इच्छाओं को छुपाकर जी रहा है?
इन्हीं बातों को सोचते हुए मैं उठ खड़ा हुआ।
रसोई में जाकर चाय बनाई, घरवालों को चाय परोसी…
और फिर चेहरे पर एक सामान्य-सी मुस्कान रखकर ट्यूशन पढ़ाने चला गया।
“शायद इंसान कभी पूरी तरह दुखी नहीं होता…
वह बस अपने ‘काश’ के साथ जीना सीख लेता है।”